बाजार बंद कर बड़ी संख्या में पहुंच रहे मतदाता, दो बूथों पर हो रहा मतदान, शाम 5 बजे के बाद आएंगे नतीजे
श्रीनगर व्यापार सभा चुनाव को लेकर पूरे शहर में उत्साह का माहौल देखने को मिल रहा है।
व्यापारियों के इस प्रतिष्ठित चुनाव के चलते श्रीनगर बाजार में मेले जैसा माहौल बना हुआ है।
सुबह से ही मतदान केंद्रों पर व्यापारियों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं
और बड़ी संख्या में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंच रहे हैं।
चुनाव के मद्देनजर पूरा श्रीनगर बाजार बंद रखा गया है।
हालांकि आम जनता की सुविधा को देखते हुए मेडिकल इमरजेंसी से जुड़ी कुछ दुकानें खुली हुई हैं।
मतदान केंद्रों पर बनाए गए हेल्प डेस्क
मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदान केंद्रों के बाहर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं।
यहां आने वाले मतदाताओं को पर्ची दी जा रही है, जिसमें उनका नाम और सीरियल नंबर दर्ज है।
मतदान केंद्र में प्रवेश से पहले मतदाताओं के नाम और सीरियल नंबर का सत्यापन किया जा रहा है।
इसके बाद उनकी उंगली पर स्याही लगाई जा रही है और फिर वे गुप्त मतदान प्रक्रिया के तहत अपना वोट डाल रहे हैं।
परिणाम आने तक बयान देने से बच रहे व्यापारी
चुनाव के दौरान एक खास बात यह भी देखने को मिली कि अधिकांश व्यापारी किसी भी उम्मीदवार के पक्ष या विपक्ष में खुलकर बोलने से बच रहे हैं।
व्यापारियों का कहना है कि चुनाव परिणाम चाहे जो भी हो, शाम 5 बजे के बाद सभी को एकजुट होकर व्यापार सभा और बाजार के हित में काम करना है।
इसी वजह से व्यापारी फिलहाल किसी भी तरह की राजनीतिक या चुनावी टिप्पणी करने से बचते नजर आए।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल के साथ-साथ चुनाव संचालन समिति के सदस्य भी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए बूथों पर विशेष व्यवस्था की गई है।
1452 मतदाता करेंगे प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला
श्रीनगर व्यापार सभा चुनाव में कुल 1452 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
मतदान व्यवस्था के अनुसार:
- बूथ नंबर-1 पर सीरियल नंबर 1 से 696 तक के मतदाता मतदान करेंगे।
- बूथ नंबर-2 पर 697 से आगे के सभी मतदाता वोट डालेंगे।
अध्यक्ष और महासचिव पद पर सीधा मुकाबला
इस बार अध्यक्ष पद के लिए दिनेश असवाल और अनुज जोशी के बीच मुकाबला है।
वहीं महासचिव पद पर सुमन जोशी उर्फ’ बंटी‘ और छवि अग्रवाल आमने-सामने हैं।
मतदान केंद्रों के बाहर समर्थकों द्वारा प्रत्याशियों के समर्थन में नारेबाजी भी देखने को मिली।
विशेष रूप से महासचिव पद के प्रत्याशी बंटी जोशी के समर्थन में नारे लगाते समर्थक नजर आए।
शाम तक खत्म होगा इंतजार
श्रीनगर के व्यापारियों की निगाहें अब मतदान समाप्त होने और मतगणना के बाद घोषित होने वाले परिणामों पर टिकी हैं।
शाम 5 बजे के बाद चुनावी तस्वीर साफ होने की उम्मीद है, जिसके बाद व्यापार सभा को नया नेतृत्व मिलेगा।















Leave a Reply