रीजनल रिपोर्टर

सरोकारों से साक्षात्कार

PCS परीक्षा 2026: उत्तराखंड में 67 पदों पर भर्ती

29 सितंबर तक करें आवेदन

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2026 के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है।

आयोग ने परीक्षा का विज्ञापन जारी करते हुए विभिन्न विभागों में कुल 67 पदों पर भर्ती निकाली है।

इन पदों में डिप्टी कलेक्टर, पुलिस उपाधीक्षक, जिला कमांडेंट होमगार्ड और वित्त अधिकारी जैसे महत्वपूर्ण पद शामिल हैं।

अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट के माध्यम से 29 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख भी यही है।

पुलिस उपाधीक्षक के सबसे ज्यादा पद

भर्ती में सबसे अधिक 14 पद पुलिस उपाधीक्षक के रखे गए हैं। डिप्टी कलेक्टर के लिए 10 पद निर्धारित किए गए हैं।

इसके अलावा जिला कमांडेंट होमगार्ड के 2, वित्त अधिकारी/कोषाधिकारी के 4 और सहायक निदेशक/लेखा परीक्षा के 8 पद हैं।

सहायक आयुक्त राज्य कर और सहायक नगर आयुक्त/अधिशासी अधिकारी श्रेणी-1 का एक-एक पद निर्धारित किया गया है।

कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग में उद्यान विकास अधिकारी श्रेणी-2 का एक पद शामिल है।

विद्यालयी शिक्षा विभाग में उप शिक्षा अधिकारी/स्टाफ ऑफिसर/विधि अधिकारी का एक पद रखा गया है।

श्रम विभाग में सहायक श्रम आयुक्त का एक और सहायक निदेशक, कारखाना/बॉयलर के दो पद हैं।

संस्कृत शिक्षा विभाग में सहायक निदेशक/उपसचिव के चार पद और परिवहन विभाग में एआरटीओ के पांच पद हैं।

इसके अलावा राज्य कर अधिकारी के पांच और महिला कल्याण विभाग में केस वर्कर के तीन पदों पर भी भर्ती होगी।

अलग-अलग पदों के लिए अलग वेतनमान

आयोग ने पदों के अनुसार अलग-अलग वेतनमान निर्धारित किए हैं। अधिकांश उच्च पदों के लिए लेवल-10 का वेतनमान लागू होगा।

लेवल-10 के तहत चयनित अभ्यर्थियों को 56,100 रुपये से 1,77,500 रुपये तक वेतनमान मिलेगा।

राज्य कर अधिकारी के पद के लिए लेवल-7 और केस वर्कर के लिए लेवल-6 का वेतनमान निर्धारित है।

37 पद सामान्य वर्ग के लिए

कुल 67 पदों में 37 पद सामान्य वर्ग, 13 अनुसूचित जाति, 11 अन्य पिछड़ा वर्ग और 6 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए हैं।

विज्ञापन में उत्तराखंड महिला आरक्षण सहित विभिन्न क्षैतिज आरक्षण का विवरण भी दिया गया है।

आयोग ने अभ्यर्थियों को आवेदन के दौरान अपनी श्रेणी और उपश्रेणी सही तरीके से दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।

7 से 16 अक्टूबर तक आवेदन में संशोधन

आयोग ने अभ्यर्थियों को अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी है।

आवेदन में शैक्षिक योग्यता समेत सभी जरूरी जानकारियां सावधानी से भरनी होंगी।

आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 7 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2026 तक संशोधन का मौका दिया जाएगा।

इस अवधि में अभ्यर्थी अपने ऑनलाइन आवेदन पत्र में आवश्यक सुधार या बदलाव कर सकेंगे।

ऑनलाइन जमा होगा परीक्षा शुल्क

PCS परीक्षा के लिए निर्धारित शुल्क ऑनलाइन माध्यम से जमा करना होगा। इसके लिए नेट बैंकिंग, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड और UPI की सुविधा उपलब्ध होगी।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के बाद आवेदन शुल्क जमा नहीं किया जा सकेगा।

साथ ही अन्य किसी माध्यम से भेजे गए आवेदन या परीक्षा शुल्क को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

विस्तृत विज्ञापन पढ़ने के बाद करें आवेदन

आयोग ने अभ्यर्थियों से आवेदन करने से पहले भर्ती विज्ञापन में दी गई सभी शर्तों को ध्यान से पढ़ने को कहा है।

शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण, परीक्षा योजना और अन्य नियमों की जानकारी विस्तृत विज्ञापन में दी गई है।

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि आवेदन जमा करने से पहले सभी जानकारी दोबारा जांच लें। अंतिम तिथि के बाद आवेदन में बदलाव की अनुमति नहीं होगी।

https://regionalreporter.in/supreme-court-cjp-protest-student-5-lakh-bond-notice/
https://youtu.be/AVYzvlgVjws?si=-DQm3Tl6AsKfUdDg
Website |  + posts

Leave a Reply

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *