चारधाम यात्रा के तहत यमुनोत्री धाम की यात्रा के दौरान दो और श्रद्धालुओं की मौत हो गई।
मृतकों में सिंगापुर की एक महिला श्रद्धालु और उत्तरकाशी का एक स्थानीय यात्री शामिल हैं।
दोनों की यात्रा मार्ग पर अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई।
प्रारंभिक तौर पर दोनों मामलों में हृदयाघात (हार्ट अटैक) की आशंका जताई जा रही है।
सिंगापुर की महिला श्रद्धालु की बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार सिंगापुर निवासी 62 वर्षीय आर. मालावती यमुनोत्री धाम के दर्शन के लिए पहुंची थीं।
बुधवार देर शाम यात्रा मार्ग पर अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे अचेत हो गईं।
साथ मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल स्वास्थ्य केंद्र जानकीचट्टी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अखिल राणा ने महिला श्रद्धालु की मौत की पुष्टि की है।
स्थानीय यात्री ने भी तोड़ा दम
दूसरी घटना बृहस्पतिवार को सामने आई।
ग्राम मोल्डा, तहसील बड़कोट निवासी 45 वर्षीय बलबीर सिंह यमुनोत्री धाम की यात्रा पर जा रहे थे।
राम मंदिर से आगे नौ कैंची क्षेत्र के पास अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे अचेत होकर गिर पड़े।
सूचना मिलने पर एसडीआरएफ टीम और अन्य यात्रियों की मदद से उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जानकीचट्टी पहुंचाया गया,
लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।
हार्ट अटैक की आशंका, जांच जारी
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार दोनों मामलों में प्रारंभिक तौर पर हृदयाघात की आशंका व्यक्त की जा रही है।
हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि कानूनी और चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
दोनों मामलों की सूचना पुलिस को दे दी गई है और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
यात्रा सीजन में बढ़ी चिंता
इन ताजा घटनाओं के बाद इस वर्ष यमुनोत्री यात्रा के दौरान जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढ़कर 16 हो गई है।
लगातार सामने आ रहे स्वास्थ्य संबंधी मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।
श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य जांच की सलाह
स्वास्थ्य विभाग ने यात्रियों से यात्रा शुरू करने से पहले स्वास्थ्य परीक्षण कराने,
पर्याप्त आराम करने और किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर तत्काल चिकित्सा सहायता लेने की अपील की है।
विशेषज्ञों का कहना है कि यमुनोत्री यात्रा मार्ग ऊंचाई और कठिन चढ़ाई वाला है,
इसलिए हृदय रोग, उच्च रक्तचाप और श्वास संबंधी बीमारियों से ग्रसित लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए।















Leave a Reply